वॉशिंगटन/तेहरान: ईरान के दिवंगत सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर विवादित बयान देकर नया राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है। ट्रंप ने दावा किया कि ईरान के शीर्ष नेता इस समय एक ही स्थान पर मौजूद हैं और यदि अमेरिका चाहे तो उन्हें “एक ही शॉट में खत्म कर सकता है।” हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका ऐसा नहीं करेगा क्योंकि वह ईरान के साथ बातचीत का रास्ता खुला रखना चाहता है।
‘हम ऐसा नहीं करेंगे, फिर बातचीत किससे होगी?’
अमेरिकी समाचार वेबसाइट Axios को दिए इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा कि ईरान की पूरी शीर्ष नेतृत्व एक जगह मौजूद है और अमेरिका के पास उन्हें निशाना बनाने की पूरी क्षमता है। लेकिन उन्होंने कहा कि ऐसा करने का कोई इरादा नहीं है, क्योंकि उसके बाद बातचीत करने के लिए कोई नहीं बचेगा। ट्रंप ने यह भी दावा किया कि अंतिम संस्कार की रस्में पूरी होने तक दोनों पक्षों ने सैन्य गतिविधियों और बातचीत से एक सप्ताह का विराम लेने पर सहमति जताई है।
ईरानी जनता के आंसुओं पर भी उठाए सवाल
ट्रंप ने खामेनेई के अंतिम संस्कार में उमड़ी भारी भीड़ और लोगों के भावुक होने पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि उन्हें यह देखकर आश्चर्य हुआ कि इतने लोग रो रहे हैं, क्योंकि उन्हें लगा था कि ईरान में बड़ी संख्या में लोग खामेनेई को पसंद नहीं करते थे। ट्रंप ने यहां तक कहा कि संभव है कि ये “नकली आंसू” हों।
ईरान ने दिया तीखा जवाब
ट्रंप की टिप्पणी के बाद आर्मेनिया में ईरानी दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर तीखी प्रतिक्रिया दी। दूतावास ने लिखा कि ट्रंप ईरानी समाज की भावनाओं को कभी नहीं समझ सकते, क्योंकि उनके पास “न सभ्यता है, न इतिहास और न ही सम्मान।”
ट्रंप के इस बयान के बाद अमेरिका और ईरान के बीच पहले से जारी तनावपूर्ण रिश्तों में एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है।











