डायबिटीज (Diabetes) मरीजों को खानपान में बेहद सतर्कता बरतने की सलाह दी जाती है, क्योंकि जरा सी लापरवाही आपका ब्लड शुगर बढ़ा सकती है, जो जानलेवा हो सकता है। डॉक्टरों के मुताबिक डायबिटीज में खानपान को लेकर कई तरह के भ्रम भी हैं। जिसमें से एक है कि शुगर (Blood Sugar) के मरीजों को आम नहीं खाना चाहिए। लेकिन देश के जाने-माने डायबिटोलॉजिस्ट डॉ. अनिल भोरास्कर की राय इससे बिल्कुल अलग है।
मुंबई के एसएल रहेजा हॉस्पिटल के कंसल्टेंट डायबिटोलॉजिस्ट डॉ. अनिल भोरास्कर (Dr. Anil Bhoraskar) अपने एक वीडियो में बताते हैं कि तमाम लोग कहते हैं कि डायबिटीज में आम बिल्कुल नहीं खाना चाहिए। यह बहुत दुखद है। डायबिटीज के मरीज आम खा सकते हैं, लेकिन इसकी मात्रा और टाइमिंग का ध्यान बहुत जरूरी है।
रेडक्लिफ लैब्स से जुड़े डॉ. अरविंद कुमार अपने एक वीडियो में कहते हैं कि ग्लाइसेमिक इंडेक्स से मतलब यह है कि कितनी तेजी से शुगर बॉडी में रिलीज होता है। कुछ फ्रूट्स का जल्दी रिलीज होता है और कुछ का धीरे-धीरे। इसीलिये शुगर के मरीजों को लो ग्लाइसेमिक इंडेक्स वाले फल खाने की सलाह दी जाती है।
Low Glycemic Index Fruits High Glycemic Index Fruits
पपीता तरबूज
सेब केला
संतरा अनानास
मौसमी खजूर (डेट्स)
किवी अंगूर
डॉ. भोरास्कर कहते हैं कि डायबिटीज मरीजों को हर दिन सिर्फ एक आम खाना चाहिए और उसके भी टुकड़े करके थोड़ा-थोड़ा। यह भी ध्यान रखें कि खाना खाने के घंटे भर बाद ही फ्रूट खाएं। ऐसे में यह नुकसानदायक नहीं होगा। लेकिन कई बार लोग क्या करते हैं दिन में चार-पांच आम खा लेते हैं, जो बहुत खतरनाक साबित हो सकता है।
शुगर में कितना फल खा सकते हैं?
डायबिटीज (Diabetes) मरीज हर दिन 70 से 100 ग्राम तक फल खा सकते हैं और एक बार में एक तरह का ही फल खाना चाहिए। दिन में 3 बार फल ले सकते हैं। (सोर्स: जनसत्ता)