अयोध्या: राम मंदिर के चढ़ावे में कथित गड़बड़ी के मामले की जांच अब और तेज हो गई है। एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय से करीब तीन घंटे तक पूछताछ की और उनका बयान दर्ज किया। सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के दौरान कई अहम बिंदुओं पर उनसे विस्तृत जानकारी ली गई।
70 लोगों को नोटिस, जांच का दायरा बढ़ा
जांच एजेंसियों ने ट्रस्ट से जुड़े पदाधिकारियों, कर्मचारियों और अन्य संबंधित लोगों समेत लगभग 70 लोगों को नोटिस जारी किए हैं। पुलिस अब केवल चढ़ावे के हिसाब-किताब ही नहीं, बल्कि उसकी निगरानी व्यवस्था, बैंकिंग प्रक्रिया, कर्मचारियों की नियुक्ति और प्रशासनिक कार्यप्रणाली की भी जांच कर रही है।
चंपत राय ने क्या कहा?
पुलिस के सामने दर्ज बयान में चंपत राय ने किसी भी तरह की गड़बड़ी में अपनी भूमिका से इनकार किया। उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी मिलते ही उन्होंने तत्काल कार्रवाई कराई और आरोपियों के खिलाफ कदम उठाने में सहयोग किया। साथ ही उन्होंने स्वीकार किया कि चढ़ावे की सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करना उनकी जिम्मेदारी थी।
इस्तीफे के बाद अगली बैठक पर नजर
इस विवाद के बीच चंपत राय और ट्रस्ट सदस्य अनिल मिश्रा ने अपने-अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है। ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि ने कहा कि आगामी बैठक में पूरे मामले की समीक्षा की जाएगी और आगे की कार्रवाई पर फैसला लिया जाएगा।








