नई दिल्ली: अमित शाह और जगत प्रकाश नड्डा ने मंगलवार को साल 2019 चुनाव हारी हुई लोकसभा की 144 सीटों के लिए रणनीति बनाई। मिशन 2024 की तैयारी में जुटी भाजपा ने इन सीटों की जिम्मेदारी संभाल रहे केंद्रीय मंत्रियों से मिले फीडबैक के आधार पर मंथन किया है।
भाजपा मुख्यालय में हुई एक अहम बैठक में शाह ने इनमें से कम से कम आधी सीटें जीतने पर जोर दिया। कहा कि पीएम मोदी के नाम पर कोई भी सीट जीतना मुश्किल नहीं है। शाह ने इस अभियान में जुटे मंत्रियों को नसीहत देते हुए कहा है कि संगठन की वजह से ही सरकार है। संगठन सरकार से बड़ा है।
भाजपा ने पिछले दिनों 2019 के लोकसभा चुनाव में हारी हुई 144 सीटों को विभिन्न समूहों में बांटकर एक दर्जन से ज्यादा केंद्रीय मंत्रियों को उनकी जिम्मेदारी सौंपी थी। अधिकांश मंत्रियों ने ज्यादातर सीटों पर अपने प्रवास का काम पूरा कर लिया है। उसकी रिपोर्ट भाजपा नेतृत्व को सौंपी है। बैठक में महामंत्री संगठन बीएल संतोष, अनुराग सिंह ठाकुर, स्मृति ईरानी, अश्विनी वैष्णव एवं अन्य नेता मौजूद रहे।