महिला पहलवानों के समर्थन में दिल्ली आ रहे है किसानों, मजदूरों, महिलाओं, युवकों की जत्थेबंदियों को जहां-तहां रोक दिया गया है। पंजाब से महिलाओं का जो जत्था दिल्ली महिला महापंचायत में आने के लिए रवाना हुआ था, उसे अंबाला में रोक दिया गया है। इसी तरह हरियाणा के नरवाना खनोरी में किसानों के जत्थों को रोका गया है। किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा कि अगर हमें जाने नहीं दिया गया तो हम मुजफ्फरनगर में ही धरना देकर बैठेंगे। दिल्ली में गाजीपुर बॉर्डर पर धारा 144 लगा दी गई है। दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से दिल्ली की सीमा में नहीं घुसने को कहा है। दिल्ली पुलिस ने जंतर मंतर पर मीडिया को भी महिला पहलवानों के पास जाने से रोक दिया है। सिर्फ चुनिंदा मीडिया को जाने की अनुमति मिली है।
पहलवान विनेश फोगाट ने आज सुबह एक वीडियो बयान में भरे गले से कहा कि लोकतंत्र की हत्या हो रही है। हमारे लोगों की गिरफ्तारियां हो रही हैं।
सामाजिक कार्यकर्ता शबनम हाशमी ने बताया कि रितु कौशिक, पूनम कौशिक, एनी राजा, मैमूना मोल्लाह को जंतर मंतर के रास्ते में हिरासत में ले लिया गया है। ये सभी महिलाएं महिला पहलवानों के पास जा रही थीं। (सोर्स: सत्य हिन्दी)