नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस का गठबंधन टूट गया है। आम आदमी पार्टी की ओर से आज ये स्पष्ट कर दिया है कि दिल्ली विधानसभा का चुनाव वह अकेले लड़ेगी। कांग्रेस के साथ सिर्फ लोकसभा चुनाव के लिए गठबंधन किया गया था।दरअसल, आज आम आदमी पार्टी ने विधायकों की मीटिंग बुलाई थी। इस मीटिंग के बाद दिल्ली के संयोजक गोपाल राय ने कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के साथ कोई गठबंधन नहीं होगा। दिल्ली विधानसभा के चुनाव 2025 की शुरुआत में होनेवाले हैं।
दिल्ली में आप-कांग्रेस गठबंधन की करारी हार
कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने लोकसभा चुनावों को लेकर दिल्ली में गठबंधन किया था। दिल्ली की सात में से चार सीटों पर आम आदमी पार्टी ने और तीन पर कांग्रेस ने उम्मीदवार उतारे थे। लेकिन 2019 की तरह इस बार भी सातों सीटों पर बीजेपी का परचम लहराया और इस गठबंधन का भी कोई फायदा दोनों पार्टियां नहीं उठा सकी।












