देशभर में NEET-UG 2026 पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में कथित गड़बड़ियों को लेकर जारी विरोध प्रदर्शनों के बीच केंद्र सरकार ने शिक्षा मंत्रालय में बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया है। गुरुवार देर रात जारी आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, उच्च शिक्षा विभाग (Department of Higher Education) के सचिव विनीत जोशी को उनके पद से हटा दिया गया है। उनकी जगह पश्चिम बंगाल कैडर के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी नरेश पाल गंगवार को नया उच्च शिक्षा सचिव नियुक्त किया गया है।
कौन हैं उच्च शिक्षा सचिव पद से हटाए गए विनीत जोशी
विनीत जोशी, जो 1992 बैच के मणिपुर कैडर के आईएएस अधिकारी हैं, को अब पंचायती राज मंत्रालय में सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, 1994 बैच के पश्चिम बंगाल कैडर के अधिकारी नरेश पाल गंगवार इससे पहले मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय के अंतर्गत पशुपालन एवं डेयरी विभाग के सचिव के रूप में कार्यरत थे। सरकार के इस फैसले को ऐसे समय में महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जब NEET पेपर लीक को लेकर केंद्र सरकार लगातार विपक्ष और छात्र संगठनों के निशाने पर है।
विनीत जोशी का शैक्षणिक और प्रशासनिक रिकॉर्ड भी उल्लेखनीय रहा है। उन्होंने आईआईटी कानपुर से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बी.टेक किया है और भारतीय विदेश व्यापार संस्थान (IIFT), नई दिल्ली से एमबीए की डिग्री हासिल की है। उन्होंने जनवरी 2025 में शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग के सचिव का कार्यभार संभाला था। इसके अलावा, 11 अप्रैल 2025 को उन्हें विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) के अध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया था।
रेश कुमार गंगवार बनाए गए नए शिक्षा सचिव
विनीत जोशी शिक्षा विभाग से हटाए जाने के बाद नरेश कुमार गंगवार को नया उच्च शिक्षा सचिव बनाया गया है जबकि स्कूली शिक्षा सचिव की जिम्मेदारी टी.के. अनिल कुमार को दी गई है. गंगवार इससे पहले पशुपालन मंत्रालय में सचिव के पद पर तैनात थे, जबकि टीके अनिल कुमार ग्रामीण विकास मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव थे
इस प्रशासनिक फेरबदल के साथ ही सरकार ने पेपर लीक मामलों पर सख्ती बढ़ाने के संकेत भी दिए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पेपर लीक के दोषियों को शीघ्र सजा दिलाने के लिए फास्ट-ट्रैक अदालतें स्थापित करने की घोषणा के कुछ घंटों बाद दिल्ली हाईकोर्ट ने परीक्षा से जुड़े मामलों की सुनवाई के लिए एक विशेष फास्ट-ट्रैक कोर्ट के गठन की प्रक्रिया शुरू कर दी। सरकार का कहना है कि परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए कई संस्थागत सुधारों पर काम किया जा रहा है।
उधर, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और अन्य छात्र संगठनों के नेतृत्व में राजधानी दिल्ली समेत देश के कई हिस्सों में विरोध प्रदर्शन जारी हैं। सरकारी सूत्रों के मुताबिक, CJP के प्रतिनिधिमंडल की आज दोपहर केंद्रीय मंत्रियों के साथ बैठक होने की संभावना है, जिसमें शिक्षा सुधार, पेपर लीक मामलों की जवाबदेही और छात्रों की मांगों पर चर्चा की जा सकती है।










