नई दिल्ली: अमेरिका और इजरायल के हमलों में मारे गए ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के राजकीय अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए ईरान ने भारत के कई प्रमुख राजनीतिक नेताओं को औपचारिक निमंत्रण भेजा है। इस सूची में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) और कांग्रेस सहित विभिन्न दलों के वरिष्ठ नेताओं के नाम शामिल हैं।
ईरान की ओर से भेजे गए निमंत्रण के अनुसार, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं विदेश मामलों की समिति के अध्यक्ष सलमान खुर्शीद को अंतिम संस्कार समारोह में आमंत्रित किया गया है। इसके अलावा पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती तथा संसद के शिया सांसद रुहुल्लाह मेहदी, हाजी हनीफा, इमरान मसूद और अफजल अंसारी को भी निमंत्रण भेजा गया है।
भारत सरकार की ओर से इस समारोह में एक विशेष प्रतिनिधिमंडल हिस्सा लेगा। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन करेंगे, जबकि विदेश राज्य मंत्री पबित्र मार्गेरिटा भी इसमें शामिल होंगे। वहीं, खामेनेई के निधन के बाद भारत के विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने नई दिल्ली स्थित ईरानी दूतावास पहुंचकर शोक पुस्तिका पर हस्ताक्षर कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
ईरान में 4 से 9 जुलाई तक तेहरान, क़ुम और मशहद में राजकीय अंतिम संस्कार समारोह आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान इराक में भी शोक जुलूस निकाले जाने की योजना है। बताया जा रहा है कि यह ईरान के इतिहास के सबसे बड़े राजकीय अंतिम संस्कारों में से एक होगा।









